वाराणसी। हैंडबॉल एसोसिएशन इंडिया के वाइस प्रेसिडेंट मुकुल कुमार यादव ने वाराणसी स्थित श्यामा हैंडबॉल अकादमी का दौरा कर खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों से मुलाकात की। उनके आगमन पर अमित पाण्डेय (किसन) कार्यकारी सचीव उत्तर प्रदेश हैंडबॉल संघ एवं वाराणसी पब्लिक स्कूल के निदेशक और अकादमी परिवार द्वारा उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
दौरे के दौरान मुकुल कुमार यादव ने खिलाड़ियों के नियमित प्रशिक्षण सत्र का अवलोकन किया और अभ्यास की गुणवता, तकनीकी प्रशिक्षण, फिटनेस, खेल सामग्री तथा उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने खिलाड़ियों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर उनकी समस्याओं, प्रशिक्षण के दौरान आने वाली चुनौतियों तथा भविष्य की तैयारियों के बारे में विस्तार से चर्चा की।खिलाड़ियों ने भी खुलकर अपनी बात रखते हुए अभ्यास के दौरान आने वाली विभिन्न कठिनाइयों, संसाधनों की आवश्यकता तथा प्रतियोगिताओं की तैयारी से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। यादव ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर मुकुल कुमार यादव ने कहा कि किसी भी खिलाड़ी की सफलता का आधार अनुशासन, निरंतर अभ्यास, मेहनत और सकारात्मक सोच होती है। उन्होंने खिलाडियों से कहा कि कठिन परिस्थितियों से घबराने के बजाय उन्हें अपने लक्ष्य पर पूरा ध्यान केंद्रित करना चाहिए। नियमित अभ्यास और दृढ संकल्प से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया जा सकता है।उन्होंने कहा कि श्यामा हँडबॉल अकादमी में खिलाड़ियों के भीतर प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। यदि उन्हें उचित मार्गदर्शन, बेहतर प्रशिक्षण और आवश्यक सुविधाएँ निरंतर मिलती रहें, तो यहाँ के खिलाड़ी भविष्य में उत्तर प्रदेश और भारत का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अवश्य रोशन करेंगे। यादव ने प्रशिक्षकों की भी सराहना करते हुए कहा कि वे खिलाड़ियों को बेहतर तकनीकी प्रशिक्षण देने के साथ-साथ उनमें अनुशासन, टीम भावना और खेल भावना का भी विकास कर रहे हैं। उन्होंने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाते हुए उन्हें पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने खेल पर ध्यान केंद्रित करने की प्रेरणा दी। उनके प्रेरणादायक संबोधन से खिलाडियों में नया उत्साह और आत्मविश्वास देखने को मिला। खिलाड़ियों ने कहा कि वरिष्ठ खेल पदाधिकारी से सीधे संवाद और मार्गदर्शन प्राप्त करना उनके लिए अत्यंत प्रेरणादायक अनुभव रहा। कार्यक्रम के अंत में श्यामा हैंडबॉल अकादमी परिवार ने हैंडबॉल एसोसिएशन इंडिया के वाइस प्रेसिडेंट मुकुल कुमार यादव के प्रति आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी उनके मार्गदर्शन की अपेक्षा व्यक्त की। उनका यह दौरा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा, उत्साह और नई ऊर्जा का स्रोत बना।





