हैंडबॉल एसोसिएशन (इंडिया) ने उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन के कार्यकारी महासचिव श्री अमित पाण्डेय (किशन) को भारतीय युवा पुरुष हैंडबॉल टीम का हेड ऑफ डेलीगेशन (HOD) नियुक्त किया है। यह नियुक्ति भारतीय टीम की IHF Men’s Youth Intercontinental Trophy 2026 में भागीदारी के लिए की गई है।
यह प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता 9 से 15 जून 2026 तक ढाका (बांग्लादेश) में आयोजित की जा रही है, जिसमें भारतीय युवा पुरुष हैंडबॉल टीम देश का प्रतिनिधित्व करेगी।
हैंडबॉल एसोसिएशन (इंडिया) के महासचिव डॉ. तेजराज सिंह द्वारा जारी नियुक्ति पत्र में श्री अमित पाण्डेय की खेल प्रशासन में उत्कृष्ट सेवाओं, संगठनात्मक क्षमता तथा हैंडबॉल के विकास में उनके महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की गई है। दल प्रमुख के रूप में वे टूर्नामेंट के दौरान भारतीय दल के समग्र प्रबंधन, समन्वय, अनुशासन, खिलाड़ियों के कल्याण तथा आधिकारिक प्रतिनिधित्व की जिम्मेदारी निभाएंगे। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश हैंडबॉल परिवार, खेल प्रेमियों तथा विभिन्न खेल संगठनों ने श्री अमित पाण्डेय को बधाई देते हुए इसे प्रदेश और देश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है।
अमित पाण्डेय ने इस जिम्मेदारी के लिए हैंडबॉल एसोसिएशन (इंडिया) का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे भारतीय टीम के खिलाड़ियों और अधिकारियों के साथ मिलकर देश का सम्मान बढ़ाने के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करेंगे।
हैंडबॉल एसोसिएशन (इंडिया) ने भारतीय टीम के सफल प्रदर्शन की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया है कि टीम अंतरराष्ट्रीय मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ाएगी।
जारीकर्ता:मोहम्मद तौहीद मीडिया प्रकोष्ठ उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन






