श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास द्वारा गंगा सप्तमी महोत्सव के विशिष्ट आयोजन किए जायेंगे।



प्रातः काल ललिता घाट पर गंगाभिषेक एवं प्रांगण स्थित गंगा मंदिर में विशेष आराधना संपन्न होगी। सायंकाल में मंदिर चौक स्थित शिवार्चनम मंच से मां गंगा एवं महादेव की स्तुति में संगीतमय भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा।

*”गंगा सप्तमी की पौराणिक कथा”*

मां गंगा को सनातन परंपरा में ब्रह्मदेव के कमंडल से उत्पन्न माना जाता है। पौराणिक कथानक के अनुसार चक्रवर्ती सम्राट सगर के अश्वमेध यज्ञ के आयोजन में अश्व चोरी हो गया। सम्राट सगर के पुत्रों ने अश्व को ढूंढते समय कपिल मुनि से धृष्टता कर दी। क्रोधित कपिल मुनि ने सगर पुत्रों को भस्म कर दिया। कालांतर में सम्राट सगर के वंशज भगीरथ ने अपने इन भस्म बांधवों की मुक्ति हेतु ब्रह्मदेव की घोर तपस्या की। ब्रह्मदेव ने मुक्ति का उपाय मां गंगा की जलधारा को बताया। परंतु मां गंगा का वेग पृथ्वी के लिए असहनीय था अतः मां गंगा का धरावतरण असंभव प्रतीत होता था। दृढ़ संकल्प के स्वामी सम्राट भगीरथ ने हार नहीं मानी। भागीरथ ने इस समस्या के समाधान हेतु महादेव शिव की अखण्ड साधना की। महादेव के प्रसन्न होने पर भगीरथ ने अनुरोध किया कि गंगा जी के वेग को महादेव अपनी जटाओं में धारण कर मंद कर दें जिससे पृथ्वी माता, गंगा जी का प्रवाह धारण कर सकें। महादेव ने भगीरथ की याचना स्वीकार कर ली। इस प्रकार गंगा मां का धरावतरण संभव हो सका। ब्रह्मकमंडल से गंगा जी के सरिता स्वरूप में प्राकट्य का उत्सव गंगा सप्तमी के रूप में मनाया जाता है।

*”काशी की गंगा”*

पौराणिक कथानक में गंगा रहस्य की एक कथा के अनुसार पाण्ड्य नरेश पुण्यकीर्ति ने गंगा जी से यह वर मांगा था कि वह प्रतिदिन गंगा मां का देवी स्वरूप में साक्षात दर्शन कर सकें। तब गंगा जी ने पुण्यकीर्ति से कहा कि इसके लिए पुण्यकीर्ति को गंगा जी के घर में निवास करना होगा। पाण्ड्य नरेश की जिज्ञासा पर गंगा जी ने यह रहस्य बताया कि उनका घर काशी में है। गंगा जी ने बताया कि अपने प्रवाह के क्रम में वह शिव की जटाओं से मुक्त हो हिमालय शिखरों से उतर प्रयाग होते हुए काशी की सीमा पर पहुंचीं। प्रयाग में यमुना की जलराशि को भी धारण कर मां गंगा का स्वरूप अत्यंत विशाल हो गया था। मां गंगा बड़े बड़े नगर, वन, पर्वत इत्यादि प्रवाहित कर मंथर गति से काशी की सीमाओं तक पहुंचीं। काशी के पुराधिपति भगवान विश्वनाथ जी ने विशाल जलराशि ले कर भूमि को स्वयं में समाहित करती हुई गंगा जी के प्रवाह से काशी के अस्तित्व को संकटापन्न समझ गंगा जी को काशी सीमा पर ही बांध दिया और उनका प्रवाह उलट कर उन्हें उत्तरवाहिनी प्रवाहित कर दिया। इससे गंगा जी का सम्राट सगर के पूर्वजों के भस्म होने के स्थल तक जाने का मार्ग अवरूद्ध हो गया। भगीरथ को गंगावतरण से अभीष्ट पूर्वजों की मुक्ति का अपना मनोरथ असिद्ध होता जान पड़ा। मनोरथ की सफलता हेतु भागीरथ एवं उनके अनुनय पर मां गंगा ने भी भगवान विश्वनाथ से प्रवाह मुक्त करने की याचना की। तब भगवान विश्वनाथ ने मुक्त प्रवाह हेतु गंगा जी से तीन वचन लिए, प्रथम यह कि गंगा जी काशी के घाटों को अपने प्रवाह से क्षतिग्रस्त नहीं करेंगी। दूसरा यह कि गंगा जी का कोई जलीय जन्तु काशी में मनुष्यों को क्षति कारित नहीं करेगा। श्री विश्वनाथ जी ने तीसरा वचन यह लिया कि गंगा जी अपने साक्षात देवी स्वरूप में काशी में ही विराजेंगी। तब से काशी ही गंगा जी का घर है।

*”अपने घर में गंगा जी का उत्सव”*

इन्हीं पौराणिक आख्यानों एवं सनातन परंपरा के निर्वाह में वर्ष 2024 में प्रथम बार श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास द्वारा भव्य आयोजन कर गंगा जी का महोत्सव मनाया गया था। इस विशिष्ट आयोजन हेतु संपूर्ण धाम की विशिष्ट साज सज्जा सुंदर सजावटी प्रकाश लगा कर की गई। गंगा सप्तमी के दिन मां गंगा की विशिष्ट आराधना के क्रम में ललिता घाट पर सुंदर पुष्प द्वार सजा कर गंगा जी का भव्य अभिषेक किया गया। तत्पश्चात धाम परिसर में स्थित गंगा मंदिर में भव्य गंगा आराधना पूजा संपन्न की गई। दिन भर विभिन्न धार्मिक क्रिया कलापों के साथ उत्सव के उल्लास को निरंतर सजीव रखते हुए सांध्यवेला में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास द्वारा भव्य दिव्य सांस्कृतिक भजन संध्या शिवार्चनम आयोजित की गई थी। गत वर्ष श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने इन समस्त आयोजनों में समस्त सनातन मतावलंबियों को ससम्मान सादर आमंत्रित करते हुए लोकसूचना एवं आमंत्रण निर्गत किया था। किन्हीं कारणों से धाम में आयोजित कार्यक्रमों में सम्मिलित न हो सकने वाले श्रद्धालु श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल फेसबुक एवं यूट्यूब चैनल पर ऑनलाइन सहभागिता सुनिश्चित कर सकें इसकी भी व्यवस्था की गई थी। इस वर्ष द्वितीय गंगा सप्तमी महोत्सव का आयोजन श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास द्वारा दिनांक 4 मई को पुनः किया जा रहा है। इस आयोजन में भी गत वर्ष की भांति ही समस्त कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। न्यास सभी आने वाले श्रद्धालुओं के स्वागत हेतु तत्पर है।

  • Related Posts

    संत अतुलानंद आवासीय अकादमी (SARA) सीबीएसई कक्षा 12 बोर्ड परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया

    वाराणसी सीबीएसई कक्षा 12 बोर्ड परीक्षा 2026 में विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। विद्यार्थियों की इस ऐतिहासिक सफलता ने एक बार फिर…

    Read more

    गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती पर छात्रा चित्रांशी श्रीवास्तव एनी बेसेंट स्कूल ने बांधा समां

    वाराणसी। रविंद्र नाथ टैगोर की जयंती पर एनी बेसेंट स्कूल रथयात्रा कमचछा वाराणसी क्लास 6 की चित्रांशी श्रीवास्तव ने गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर पर एक बहुत ही सुंदर एवं मार्मिक चित्रण…

    Read more

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    ताजा खबरें

    उत्तर प्रदेश की श्यामा हैंडबॉल अकैडमी ने हासिल किया तीसरा स्थान

    • By admin
    • June 1, 2026
    • 12 views
    उत्तर प्रदेश की श्यामा हैंडबॉल अकैडमी ने हासिल किया तीसरा स्थान

    “विश्व तम्बाकू निषेध दिवस” के उपलक्ष पर ब्रेथ इजी चेस्ट फाउंडेशन फॉर ह्यूमैनिटी ने निकाली जन जागरूकता रैली

    • By admin
    • May 31, 2026
    • 60 views
    “विश्व तम्बाकू निषेध दिवस” के उपलक्ष पर ब्रेथ इजी चेस्ट फाउंडेशन फॉर ह्यूमैनिटी ने निकाली जन जागरूकता रैली

    श्यामा हैंडबॉल अकादमी की महिला टीम ऑल इंडिया हैंडबॉल प्रतियोगिता में करेगी प्रतिभाग

    • By admin
    • May 29, 2026
    • 10 views
    श्यामा हैंडबॉल अकादमी की महिला टीम ऑल इंडिया हैंडबॉल प्रतियोगिता में करेगी प्रतिभाग

    वाराणसी जनपद की जूनियर बालक हैंडबॉल टीम का चयन

    • By admin
    • May 28, 2026
    • 96 views
    वाराणसी जनपद की जूनियर बालक हैंडबॉल टीम का चयन

    जगन्नाथ प्रभु केवल अनुष्ठानिक देवता नहीं हैं। वे जनमानस के स्वामी हैं—श्रमिकों, बुनकरों, संतों, कारीगरों और जाति एवं धर्म की सीमाओं से परे सभी साधकों के स्वामी हैं।

    • By admin
    • May 25, 2026
    • 30 views
    जगन्नाथ प्रभु केवल अनुष्ठानिक देवता नहीं हैं। वे जनमानस के स्वामी हैं—श्रमिकों, बुनकरों, संतों, कारीगरों और जाति एवं धर्म की सीमाओं से परे सभी साधकों के स्वामी हैं।

    संत अतुलानंद आवासीय अकादमी (SARA) सीबीएसई कक्षा 12 बोर्ड परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया

    • By admin
    • May 15, 2026
    • 13 views
    संत अतुलानंद आवासीय अकादमी (SARA) सीबीएसई कक्षा 12 बोर्ड परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया