दो अधिवक्ता मलबे में दबे, एक मेडिकल कॉलेज रेफर; डीएम ने एंबुलेंस रिस्पॉन्स टाइम और संरचना की तकनीकी जांच के दिए निर्देश
गोरखपुर। राप्ती नदी किनारे स्थित गुरु गोरक्षनाथ घाट पर रविवार को आकाशीय बिजली गिरने से गुंबदनुमा चबूतरे का स्लैब भरभराकर गिर गया। हादसे में वहां बैठे दो अधिवक्ता मलबे की चपेट में आकर घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां गंभीर रूप से घायल अधिवक्ता आलोक अस्थाना की उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं संजय सिंह को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
घटना की सूचना पर पुलिस-प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव और कानून-व्यवस्था संभाली। दोनों अधिवक्ता साथी अधिवक्ता विनोद तिवारी की माता के अंतिम संस्कार में शामिल होने घाट पहुंचे थे।
जिलाधिकारी दीपक मीणा ने घटना का संज्ञान लेते हुए गुंबद की संरचना की तकनीकी जांच कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही एंबुलेंस पहुंचने में कथित देरी की शिकायत पर रिस्पॉन्स टाइम की भी जांच के आदेश दिए गए हैं। प्रशासन घाट परिसर में बनी अन्य गुंबदनुमा संरचनाओं की मजबूती की भी जांच कराएगा।
गौरतलब है कि करीब 27.85 करोड़ रुपये की लागत से गुरु गोरक्षनाथ घाट का सुंदरीकरण कराया गया था और इसका लोकार्पण 16 फरवरी 2021 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया था।


